➤ जाठिया देवी माउंटेन सिटी में पहले चरण में 241 बीघा पर 919 फ्लैट बनाएगा हिमुडा
➤ 1,327 करोड़ की लागत से प्रोजेक्ट, 45 दिन में एकमुश्त भुगतान पर 5% छूट का फैसला
➤ नई टाउनशिप, व्यावसायिक परिसर, बाय-बैक व री-डेवलपमेंट पॉलिसी को मंजूरी
शिमला के साथ लगते जाठिया देवी माउंटेन सिटी प्रोजेक्ट को लेकर हिमुडा ने बड़ा फैसला लिया है। नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में हुई निदेशक मंडल की बैठक में पहले चरण में 241 बीघा भूमि पर करीब 1,327 करोड़ रुपये की लागत से 919 फ्लैट तैयार करने की स्वीकृति दी गई। यह प्रोजेक्ट राजधानी के आसपास सुनियोजित आवासीय विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि हिमुडा की ओर से अलॉटमेंट लेटर जारी होने के 45 दिनों के भीतर एकमुश्त भुगतान करने पर अलॉटी को 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही ओलंपिक, एशियन गेम्स, गैलेंटरी और चिल्ड्रन ब्रेवरी अवॉर्ड विजेताओं के लिए प्लॉट और फ्लैट में विशेष कोटा रखने का निर्णय लिया गया।
निदेशक मंडल ने बद्दी के शीतलपुर में हिम चंडीगढ़ टाउनशिप, पच्छाद के मोरनी हिल्स और कांगड़ा एयरपोर्ट के निकट लंज में नई टाउनशिप के प्रारंभिक प्रावधान के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। ऊना के छेत्रा में उद्योग परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली।
इसके अलावा घुमारवीं में 7.69 करोड़ की लागत से 17 दुकानों, 2 हॉल और कार्यकारी अभियंता कार्यालय के साथ व्यावसायिक परिसर निर्माण तथा कांगड़ा के ज्वाला जी शक्ति विहार कॉलोनी में 18.61 करोड़ की लागत से 125 कनाल में 130 प्लॉट और व्यावसायिक परिसर विकसित करने की स्वीकृति दी गई।
हिमुडा ने अपनी आय बढ़ाने के लिए बाय-बैक पॉलिसी और री-डेवलपमेंट पॉलिसी को भी मंजूरी दी है। इसके तहत बेची गई संपत्तियों को सशर्त वापस खरीदकर पुरानी या जर्जर इमारतों को आधुनिक रूप में पुनर्निर्मित किया जाएगा।



