Follow Us:

रामलीला 2025 में महिलाओं के किरदार होंगे आकर्षण का केंद्र : अजय वर्मा

कांगड़ा में पहली बार रामलीला में महिलाओं द्वारा निभाए जाएंगे महिला किरदार
22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक होगा रामलीला का भव्य आयोजन
राम विवाह उत्सव और फूलों की होली होंगे मुख्य आकर्षण


कांगड़ा में इस बार की रामलीला 2025 ऐतिहासिक होने जा रही है। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष की रामलीला को विशेष और आकर्षक बनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब रामलीला में महिलाओं के किरदार अब स्वयं महिलाएं निभाएंगी। कांगड़ा की कई लड़कियां इस आयोजन में आगे आई हैं और उन्होंने रामलीला कमेटी के मार्गदर्शन में रिहर्सल पूरी कर ली है।

अजय वर्मा ने कहा कि यह बदलाव समाज में सकारात्मक संदेश देगा और अन्य लड़कियों को भी प्रेरित करेगा। उन्होंने इन युवतियों की सराहना करते हुए कहा कि ये आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी।

रामलीला का आयोजन 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। 22 सितंबर को हवन और पूजा के साथ शुभारंभ होगा, जबकि 23 सितंबर को रामलीला का भव्य आगाज किया जाएगा। इस बार राम विवाह का उत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा और इसके लिए झांकियां भी निकाली जाएंगी। वहीं अंतिम दिन फूलों की होली कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान अजय वर्मा को रामलीला कमेटी कांगड़ा का अध्यक्ष घोषित किया गया। उन्होंने इसके लिए कमेटी का आभार जताया और बताया कि वह जल्द मुख्यमंत्री को कांगड़ा क्षेत्र की तरफ से एकत्रित 1.5 लाख रुपये की राशि आपदा राहत कोष में भेंट करेंगे। इसके अलावा रामलीला कमेटी की तरफ से 11 हजार रुपये भी मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए जाएंगे।

इस मौके पर रामलीला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश मेहरा, रमेश मेशी, अनुज गर्ग, राकेश कथूरिया, श्याम वर्मा, देवेंद्र, मुकेश मेहरा, रामचंद्र वर्मा, कपिल देव शर्मा, सारांश और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

अजय वर्मा ने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में बंद पड़ा चंबा से भरमौर मार्ग खोल दिया गया है और अब इस पर बसों की आवाजाही भी शुरू हो चुकी है। इससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।