Follow Us:

रूठी वंदना मान गईं, अब चलेंगी भाई के साथ

बीरबल शर्मा |

मंडी ( बीरबल शर्मा ): धर्मपुर से भाई को टिकट मिलने से नाराज हुई बहन आखिर भैया दूज के दिन अपने को रोक नहीं सकी और अपनी पंचायत में पिता सहित चुनावी दौरे पर आए उम्मीदवार भाई को न केवल सम्मानित किया बल्कि उसके साथ गले मिल कर यह भी ऐलान कर दिया कि अब कोई गिला शिकवा नहीं है, भाई की जीत के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिला कर काम करूंगी। जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने इस बार अपनी जगह अपने बेटे रजत ठाकुर को भाजपा को टिकट दिलवाया है।

जैसे ही रजत ठाकुर के लिए भाजपा का टिकट घोषित हुआ तो पिता की राजनीतिक विरासत को संभालने के लिए तैयार बैठी महेंद्र सिंह की बेटी जिला परिषद सदस्य व प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री वंदना गुलेरिया बुरी तरह से खफा हो गई। उन्होंने अपनी फेसबुक पर यहां तक पोस्ट डाल दी कि टिकट तो दिल्ली से लाया जा सकता है मगर वोट तो जनता से ही मिलेंगे। यही नहीं उन्होंने यह भी लिखा कि बलि हमेशा बेटियों को ही क्यों देनी पड़ती है। उन्होंने भाजपा से भी त्यागपत्र देने का एलान कर दिया।

यही नहीं उनके कांग्रेस में शामिल होने तक की चर्चाएं शुरू हो गई। उसे मनाने के लिए स्वयं महेंद्र सिंह ठाकुर अपनी पत्नी के साथ उनके घर गए वह नहीं मानी। रजत ठाकुर के लिए अपने ही चुनाव क्षेत्र में बहन के बागी होने से स्थिति असहज होने लगी थी कि वीरवार को एक चुनावी कार्यक्रम वंदना की स्थानीय पंचायत चोलथरा में रख दिया गया। वीरवार को भैया दूज भी थी। ऐसे में अपनी पंचायत में पिता व भाई के चुनाव प्रचार के आने से बहन का दिल पसीज गया और वह न केवल कार्यक्रम में शामिल हुई बल्कि उसने भाई को भाजपा चुनाव चिह्न वाली टोपी पहनाई, उसे सम्मानित किया और उससे गले मिल कर विजयी चिह्न भी बनाया।

इस मौके पर उसने कहा कि विकास को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर व जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के समक्ष अपनी बात रख दी है। आज भाजपा उम्मीदवार रजत ठाकुर के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने की जरूरत है ताकि धर्मपुर के विकास को और आगे ले जाया जा सके। उन्होंने कहा कि नई सरकार बनते ही मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर हाथों चोलथरा में पोलिटेक्निक कालेज का शिलान्यास करवाया जाएगा।