Follow Us:

..जब उनकी सुनी नहीं जा रही तो प्रतिभा पद से चिपकी क्यों हैं? उन्हें पद की गरिमा के लिए इस्तीफा दे देना चाहिए

|

  • भाजपा ने कहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ही सरकार पर सवाल उठाए

  • रणधीर शर्मा बोले, हर वर्ग सरकार से नाखुश, सीएम और प्रदेशाध्यक्ष दें इस्तीफा


Himachal Congress infighting:  हिमाचल कांग्रेस की गुटबाजी अब सार्वजनिक मंचों पर खुलकर सामने आ रही है। गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित ‘संविधान बचाओ कार्यक्रम’ के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। मंच पर ही एक-दूसरे के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए और तीखी बहस देखी गई।

इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता और विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुद ही सरकार और पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास कार्यों और ठेकेदारों की भुगतान के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अपने चहेतों को एडवाइजर बनाकर सरकारी पैसा लुटा रहे हैं

रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंच से कहा कि पार्टी नेतृत्व उनकी सुनवाई नहीं कर रहा, और खुद प्रतिभा सिंह ने भी यह स्वीकार किया कि उनके काम तक नहीं हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ही सुनवाई नहीं हो रही तो वह पद से चिपकी क्यों हैं। उन्होंने मांग की कि प्रतिभा सिंह को पद की गरिमा बनाए रखने के लिए इस्तीफा दे देना चाहिए।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए, रणधीर ने कहा कि सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। हिमकेयर जैसी योजनाएं संकट में हैं, जबकि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यालयों का जीर्णोद्धार होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार के कार्यकर्ता, मंत्री, नेता और जनता सभी असंतुष्ट हैं तो मुख्यमंत्री को प्रदेशहित में इस्तीफा दे देना चाहिए

भाजपा का कहना है कि कांग्रेस अब संकटग्रस्त अवस्था में है, और यह अंदरूनी कलह सरकार की स्थिरता पर भी प्रश्नचिन्ह लगा रही है।