Follow Us:

पवित्र रेणुकाजी क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: विनय कुमार

  • परशुराम जयंती के अवसर पर विनय कुमार ने रेणुका जी क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की बात कही

  • पवित्र रेणुका झील की परिक्रमा, हवन अनुष्ठान व शोभायात्रा के साथ आयोजन सम्पन्न

  • धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु प्रदेश सरकार हरसंभव प्रयास करेगी



परशुराम जयंती के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष व श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार ने मंगलवार को रेणुका जी मंदिर प्रांगण में हवन अनुष्ठानपूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रेणुका जी क्षेत्र की धार्मिक आस्था को देखते हुए प्रदेश सरकार इसे धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी भगवान परशुराम जयंती भव्य रूप में मनाई गई। सोमवार को भगवान परशुराम की पालकी कटाह शीतला से रेणुका जी लाई गई और भव्य शोभायात्रा ददाहू तहसील कार्यालय से होते हुए रेणुका मंदिर पहुंची। मंगलवार सुबह पवित्र रेणुका झील की परिक्रमा के बाद हवन अनुष्ठान का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विनय कुमार की माता विद्या देवी और धर्मपत्नी सीमा भूषण ने भी धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। इसके अतिरिक्त वन विभाग मैदान, रेणुका जी में वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में तहसीलदार जय सिंह ठाकुर, एचएसओ प्रियंका चौहान, रेणुकाजी विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह ठाकुर, पूर्व सीईओ रविंद्र गुप्ता, बोर्ड सदस्य श्यामा ठाकुर, इंद्र सिंह रागंड, इंद्र प्रकाश गोयल, तपेन्द्र सिंह फौजी और रणदीप सिंह ठाकुर समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।