Follow Us:

आपदा में संवेदना: शाहपुर दशहरा में नहीं होंगी सांस्कृतिक संध्याएं

शाहपुर दशहरा में सांस्कृतिक संध्याएं रद्द करने का निर्णय
आपदा में संवेदना जताते हुए केवल खेलकूद और पुतला दहन होंगे
विधायक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक


 इस वर्ष का जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर एक अलग ही रूप में आयोजित होगा। उपमुख्य सचेतक और शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में आज एसडीएम कार्यालय परिसर शाहपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें सभी विभागीय अधिकारियों और दशहरा कमेटी के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस बार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन नहीं किया जाएगा। विधायक पठानिया ने स्पष्ट किया कि प्रदेश ने इस वर्ष अत्यधिक वर्षा और आपदा के कारण भारी जन-धन की क्षति झेली है। ऐसे माहौल में जश्न के बजाय संवेदनशीलता दिखाना अधिक आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि दशहरे की परंपरा को बनाए रखने के लिए पूर्व की भांति खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और उत्सव के मुख्य दिन रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।

बैठक में एसडीएम शाहपुर करतार चंद, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, बीडीओ रैत कमलजीत, एई लोक निर्माण विपुल, पूर्व सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, नगर पंचायत शाहपुर उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम चम्बियाल, कांग्रेस पेंशन सेल अध्यक्ष प्रदीप बलौरिया, पार्षद आजाद सिंह, राजीव पटियाल, अश्वनी चौधरी, मनीष पटियाल और उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इस निर्णय को लेकर क्षेत्रवासियों ने विधायक की संवेदनशीलता और आपदा पीड़ितों के प्रति सम्मान की सराहना की है।