Follow Us:

नशे के कारोबार में सरकारी अफसर और वकील भी शामिल, 5 और गिरफ्तार

  • 5 और गिरफ्तार – शिमला पुलिस ने संदीप शाह गैंग के 5 और सदस्यों को गिरफ्तार किया, अब तक कुल 44 गिरफ्तारियां हुईं।
  • उत्तर भारत में बड़ा नेटवर्क – गिरोह से जुड़े 400 लोगों की आशंका, हिमाचल में 200 सदस्य सक्रिय होने की संभावना।
  • बैंक ट्रांजेक्शन की जांच जारी – गैंग के वित्तीय लेनदेन की पड़ताल जारी, एक तहसील कल्याणकारी अधिकारी और महिला वकील भी गिरफ्तार।

Himachal Drug Mafia: शिमला पुलिस ने उत्तर भारत के कुख्यात नशा तस्कर संदीप शाह गैंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने गैंग के 5 और सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस गिरोह से अब तक पकड़े गए लोगों की संख्या 44 तक पहुंच गई है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं

शिमला पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि यह गैंग सिर्फ हिमाचल में ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में सक्रिय है। पुलिस को संदेह है कि हिमाचल में गिरोह से करीब 200 लोग जुड़े हो सकते हैं, जबकि उत्तर भारत में इनकी संख्या 400 तक हो सकती है

बैंक ट्रांजेक्शन से खुल रहे राज

पुलिस ने इस गिरोह के बैंक ट्रांजेक्शन की गहराई से जांच शुरू कर दी है, ताकि इसके वित्तीय नेटवर्क और अन्य सदस्यों की पहचान हो सके। अब तक की जांच में एक तहसील कल्याणकारी अधिकारी और एक महिला वकील की संलिप्तता भी सामने आई है।

शनिवार को पुलिस ने गिरोह के 5 और सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान अभिषेक वर्मा (28), मनीष ठाकुर (34), शेखर ठाकुर (32), अरविंद कुमार गुप्ता (32) और संतोष कुमार (33) के रूप में हुई है। ये सभी शिमला जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं

शिमला के एसपी संजीव गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में नशा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की इस गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के व्यापार में शामिल अन्य लोगों पर भी जल्द शिकंजा कसा जाएगा।