➤ SSB के एएसआई गोपाल सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
➤ ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से हुआ निधन, इकलौते बेटे ने दी मुखाग्नि
➤ मां-पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल, पूरे क्षेत्र ने दी अंतिम विदाई
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के ठियोग क्षेत्र में स्थित पैतृक गांव सैंज आज भावुक माहौल में डूब गया, जब SSB के एएसआई गोपाल सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी पार्थिव देह तिरंगे में लिपटी सुबह करीब 10 बजे गांव पहुंची। जैसे ही सेना के जवान गोपाल सिंह की देह लेकर घर पहुंचे, वहां मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
गोपाल सिंह की पत्नी ताबूत से लिपटकर बेसुध हो गईं। मां उत्मू देवी और इकलौते बेटे का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस दुखद पल ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। उनके इकलौते बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी।

45 वर्षीय गोपाल सिंह पिछले दिनों असम में ड्यूटी पर तैनात थे। वहीं हार्ट अटैक के चलते उनका निधन हो गया। उनके पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। अब वे अपनी मां, पत्नी और बेटे को पीछे छोड़ गए हैं।

गांव में हजारों की संख्या में लोग अंतिम संस्कार में पहुंचे और “गोपाल सिंह अमर रहे” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। बताया जा रहा है कि गोपाल सिंह ने 25 साल तक देश सेवा की और अब वीरगति को प्राप्त हो चुके हैं। उनका जाना न सिर्फ परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।



