Follow Us:

कोरोना के काले साए के बीच फीका रहा रामनवमी का पर्व, राम मंदिर शिमला में कोरोना से बचने के लिए की गई प्रार्थना

पी. चंद |

शिमला में बुधवार को राम नवमी का पर्व मनाया गया। कोरोना महामारी के बीच भगवान राम के प्राकटोत्सव राम नवमी पर मंदिरों में इस बार विशेष कार्यक्रम नहीं हुए। राम मंदिर शिमला में भी सादे तरीके से राम नवमी के पर्व मनाया गया। दोपहर 12 बजे विशेष पूजा अर्चना के साथ महाआरती आयोजित की गई। आरती पर भी महज 25 से 30 लोग ही शामिल हो सकें। राम मंदिर में ये दूसरा मौका है जब सादे तरीके से राम जन्मोत्सव मनाया गया।

सूद सभा के अध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि पिछले साल कोरोना के खतरे के बीच रामनवमी का त्यौहार नहीं मनाया गया था, वहीं इस बार भी स्थिति बदली नहीं है। हर साल राम नवमी के मौके पर नौ दिन की कथा, विशेष भजन कीर्तन, झांकियों के अलावा भंडारे का आयोजन होता था। लेकिन संक्रमण के खतरे के कारण मंदिर कमेटी के सदस्य ने ही राम नवमी के पर्व को मनाया। इस पावन मौके पर कोरोना महामारी के ख़ात्मे के लिए भगवान से प्रार्थना की गई।