Follow Us:

आज़ादी के बाद पहली बार हज सब्सिडी खत्म, सरकार नहीं करेगी आर्थिक मदद

समाचार फर्स्ट डेस्क |

तीन तलाक के बाद मोदी सरकार ने हज सब्सिडी पर वार कर दिया है। केंद्र सरकार ने मुसलमानों को हज यात्रा पर दी जाने वाली सब्सिडी खत्म कर दी है। देश की आजादी के बाद पहली बार हज सब्सिडी को ख़त्म किया गया है। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि हज यात्रापर दी जाने वाली सब्सिडी की रकम लड़कियों की शिक्षा पर खर्च की जाएगी।

नक़वी ने कहा कि सब्सिडी का फायदा वैसे भी एजेंट्स उठा रहे थे, लिहाजा हज सब्सिडी बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि गरीब मुसलमानों के लिए अलग से वैकल्पिक इंतजाम किया जाएगा। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री का कहना था कि उनकी सरकार मुस्लिमों के तुष्टिकरण नहीं बल्कि सशक्तिकरण करना चाहती है।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 2012 में सरकार से 2022 तक सब्सिडी खत्म करने के लिए कहा था। पिछले साल ही भारत सरकार ने मुसलमानों को हज यात्रा के लिए 450 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी थी। दुनिया भर से लाखों मुसलमान हर साल हज यात्रा पर सऊदी अरब के मक्का जाते हैं।

गौरतलब है कि सऊदी अरब ने भारत के हज कोटे में हाल ही में 5000 की वृद्धि की है, यानी अब इतने अतिरिक्त हजयात्री हज पर जा सकेंगे।