Follow Us:

जब प्रेमानंद महाराज, जोजो और जॉनी नामक पपेट्स के संवाद पर जमकर हंसे

  • वेंट्रिलोक्विस्ट राहुल मिश्रा की कला से प्रभावित हुए प्रेमानंद महाराज, जोजो और जॉनी नामक पपेट्स के संवाद पर जमकर हंसे।
  • महाराज ने राहुल मिश्रा की प्रतिभा को सराहा और जोजो-जॉनी को 500-500 रुपये इनाम दिए।
  • राहुल थिएटर से वेंट्रिलोक्विज्म तक पहुंचे और इंडियाज गॉट टैलेंट समेत कई बड़े मंचों पर परफॉर्म कर चुके हैं।

Ventriloquism in India: जयपुर के वेंट्रिलोक्विस्ट राहुल मिश्रा ने वृंदावन के प्रमुख संत प्रेमानंदजी महाराज को अपनी अनोखी कला से खूब हंसाया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि राहुल अपने पपेट्स जोजो और जॉनी के जरिए महाराज से संवाद कर रहे हैं, जिस पर महाराज लगातार ठहाके लगा रहे हैं और इस अनूठी कला की सराहना कर रहे हैं।

वेंट्रिलोक्विज्म, जिसे पेटबोली भी कहा जाता है, एक दुर्लभ कला है जिसमें कलाकार बिना होठ हिलाए बोल सकता है, जिससे ऐसा लगता है कि आवाज पपेट्स के अंदर से आ रही है। राहुल मिश्रा इस क्षेत्र में देशभर में अपनी पहचान बना चुके हैं।

राहुल ने बताया कि जब उन्होंने महाराज के सामने अपनी प्रस्तुति दी, तो वे बार-बार यही पूछते रहे कि “ये खिलौने खुद कैसे बोलते हैं?” महाराज को यह प्रस्तुति इतनी पसंद आई कि उन्होंने अपने शिष्यों को भेजकर राहुल को दोबारा बुलाया। उन्होंने न सिर्फ इस कला की बारीकी को समझने की कोशिश की, बल्कि राहुल के पपेट्स जोजो और जॉनी को 500-500 रुपये इनाम के रूप में भी दिए

महाराज ने राहुल को सम्मानित किया और प्रसादी ग्रहण करवाई। इस मुलाकात के बाद वहां मौजूद बृजवासियों ने भी राहुल की कला की तारीफ की और कहा कि उन्होंने कभी महाराजजी को इतना हंसते हुए नहीं देखा।

राहुल मिश्रा का सफर



राहुल ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी, लेकिन पर्याप्त कमाई न होने के कारण 2015 में उन्होंने यूट्यूब पर अपना चैनल बनाया। दोस्तों ने उन्हें एक पपेट गिफ्ट किया, जिससे उन्होंने वीडियो बनाने शुरू किए। उनके वीडियो टिकटॉक पर वायरल होने लगे और फिर उन्होंने अपनी कला को निखारकर बड़े मंचों तक पहुंचाया। राहुल इंडियाज गॉट टैलेंट, बिग बॉस समेत कई बड़े मंचों पर परफॉर्म कर चुके हैं।