हिमाचल प्रदेश में कई स्थानीय और अलग तरह के व्यंजन परोसे जाते हैं। इन्हीं में से एक है मंडी की मशहूर सेपू बड़ी। ये सेपू बड़ी खुद तैयार की जाती है और यहां के व्यंजनों में इसका अलग स्थान है। हाल ही प्रधानमंत्री मोदी ने भी मंडी में हुई रैली में इसका जिक्र किया था। तो आइये जानते हैं कैसे बनती है सेपू बड़ी…
इसके लिए पहले आपको कुछ जरूरी सामग्री की जरूरत पड़ेगी। जिनमें 5-6 घंटे भीगी हुई उड़द दाल का एक कप, पालक लगभग 100 ग्राम, अदरक, 2 चम्मच, नींबू का रस, चुटकी भर ENO, दही आधा कप और कुछ मसाले।
सामग्री तैयार होने के बाद सबसे पहले धोई हुई दाल, अदर, हरी मिर्च को पीसा जाता है। इसके बाद इसमें आधा चम्मच नींबू का रस और ENO डाला जाता है। अच्छे से मिक्स करने के बाद इस सारे लेप को एक बर्तन में डाला जाता है जिसके नीचे तेल की चिकनाई लगानी पड़ती है। उसके बाद इस मिश्रण को भाप से पकाया जाता है। यानी किसी कढ़ाई या बर्तन में पानी गर्म करना और पानी उबलने के बाद मिश्रण वाले बर्तन को पानी की गर्म भाप में कुछ समय ढक कर रखना। 10 से 15 मिनट भाप में रखने के बाद मिश्रण वाले बर्तन को बाहर निकालकर ठंडा किया जाता है और बाद में उसे अलग अलग आकार में काट लिया जाता है।
इसके बाद इसे तेल में तला जाता है जब तक वे करारी न हो जाए। इस तरह से सेपू बड़ियां तैयार होती है। सेपू बड़ियों से आज के जमाने में कई तरह के व्यंजन भी तैयार होते हैं जिसमें खास तौर पर हिमाचली धाम का मदरा (पारंपरिक नाम) भी आता है। ये व्यंजन ज्यादातर मंडी और कुछ ऊपरी इलाकों में भी देखने को मिलता है।



