Follow Us:

कैबिनेट में मंत्री पद नहीं चाहते अनुराग ठाकुर!

नवनीत बत्ता |

हमीरपुर से बीजेपी के सांसद अनुराग ठाकुर केंद्र की कैबिनेट में शामिल होने की अटकलें लंबे समय से लग रही थीं। समाचार फर्स्ट ने गुरूवार देर रात यह बताया भी था कि मोदी के मंत्रिमंडल विस्तार में अनुराग ठाकुर को MoS दिया जा सकता है।  लेकिन अनुराग ठाकुर कैबिनेट में शामिल होने की लालसा नहीं दिखा रहे हैं। बल्कि चुनावी माहौल में हिमाचल में जमे रहने को तरजीह दे रहे हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को पीएम मोदी अपने मंत्रिमंडल का विकास कर रहे हैं, लेकिन अनुराग अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे में व्यस्त हैं।

गौरतलब है कि उनका नाम कैबिनेट विस्तार में अगले क्रम में चल रहा है लेकिन, बजाय दिल्ली में होने के अनुराग ठाकुर संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। माना जा रहा है कि अनुराग प्रदेश में राष्ट्रीय राजनीति से दूर हिमाचल की राजनीति में अपनी पैठ बनाने को तरजीह दे रहे हैं। पिछले चंद महीनों से उन्हें प्रदेश के सियासी मुद्दों पर फ्रंट पर आकर बोलते देखा गया है। चाहे बात वीरभद्र सरकार को घेरने की हो या खुद के कैबिनेट मंत्री नड्डा को एम्स के मामले में चुनौती देने की। यही नहीं रेल विस्तार पर भी उनका मुखर अंदाज उनकी महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।

हालांकि, अभी अनुराग ठाकुर को कैबिनेट में शामिल करने की बात पर चर्चा चली है। लेकिन, अभी तक नरेंद्र मोदी की मुहर नहीं लगी है। फिर भी अनुराग ठाकुर तमाम अटकलों के बीच खुद को दिल्ली से दूर रखना चाहते हैं। दरअसल, आगामी राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए उन्हें हिमाचल में ठहरना ही बुद्धिमानी लग रही है।