Follow Us:

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूर्व CM धूमल ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का दिया संदेश

जसबीर कुमार, हमीरपुर |

योग मन की शांति और पवित्रता लाता है, योग शरीर मन और आत्मा को जोड़ने का विधान है। प्रतिदिन सुबह उठकर कुछ समय के लिए योग करना मेरी दिनचर्या का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसे सब लोगों को अपनाना चाहिए। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समस्त जनता को  योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश देते हुए यह बात कही है। उन्होंने बताया कि 21 जून को संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2015 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी थी जिसके लिए विश्व के 177 देशों ने अपना समर्थन दिया था तब से इस दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जाता है।

प्रोफेसर धूमल ने कहा कि किसी सामान्य दिन को किसी व्यक्ति विशेष, वस्तु, भाषा, संस्कृति, विज्ञान, परिस्थिति, परिवेश, अभियान या प्रसंग से जोड़कर एक विशेष दिवस के रूप में उद्धघोषित करना उस चीज़ के बारे में जागृति फ़ैलाने के लिए तो उचित है, लेकिन केवल उस दिनविशेष को ही उस चीज़ को याद करना, महत्व देना या मनाना कदापि उचित नहीं है। जैसे कि पर्यावरण हमारे लिए सदैव महत्वपूर्ण है ना कि केवल पर्यावरण दिवस के दिन ही, डॉक्टर्स हमारे लिए सदैव महत्वपूर्ण हैं न कि केवल राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के दिन ही। इसी प्रकार योग हमारे जीवन में हर दिन महत्वपूर्ण होना चाहिए, हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए क्योंकि योग एक ऐसा विज्ञान है जो हमारे जीवन को न केवल निरोगी बनाता है बल्कि हमारे मन को स्वच्छ सुंदर और पवित्र विचारों से परिपूर्ण करता है।

उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने योग के महत्व को समझा और आम जनमानस को इसे सीखने के लिए इसे ग्रंथों में उतारा है। हमारे पूर्वजों ने योग को जीवन में आत्मसात करके एक निरोगी स्वस्थ और लंबा जीवन जीया है। वर्तमान समय में आधुनिकता और विकास की दौड़ में जहां धीरे-धीरे सामान्य मानव जीवन अवधि कम हो रही है ऐसे में योग को जीवन का एक हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ और दीर्घायु बन सकते हैं। हमारे प्रधानमंत्री योग के महत्व को समझते हुए प्रतिदिन योग करते हैं।