Follow Us:

पंडित सुखराम के अनुभवों का लाभ उठाएगी सरकार: JP नड्डा

बीरबल शर्मा |

बीरबल शर्मा, मंडी।

BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शुक्रवार को पंडित सुखराम के निधन के बाद उनके गांव स्थित बाड़ी आवास में पहुंचकरर परिवार के साथ शोक जताया। इस मौके पर नड्डा ने कहा कि पंडित सुखराम के निधन से प्रदेश और देश की राजनीति में एक खालीपन पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह सुखराम को बहुत नजदीकी से जानते थे। उन्होंने उनसे राजनीति को समझने जानने का भी मौका मिला। यहां तक कि वह भाजपा के साथ सत्ता में भी हिविकां के माध्यम से सहयोगी रहे हैं। उन्हें राजनीति का एक लंबा अनुभव प्राप्त था। लोगों की सेवा व चिंता करना उनके राजनीतिक जीवन की शैली रहा है। उनका जनता की सेवा करना ही एक गंतव्य रहा है। उनके जाने से राजनीति में एक खालीपन पैदा हो गया है। वह भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान हो और उनके परिवार को इस दुख का सहने की शक्ति प्राप्त हो।

नड्डा ने कहा कि पंडित सुखराम के जो अनुभव रहे हैं, उनकी जो लोक कल्याण की नीतियां रही हैं सरकार उनका लाभ उठाएगी। प्रदेश सरकार उनके कामों को आगे बढ़ाने का काम करेगी । इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उनके साथ थे।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जो शुक्रवार को धर्मशाला और कुल्लू के दौरे पर थे, कुल्लू के भुंतर से हेलीकॉप्टर के माध्यम से मंडी शहर के साथ लगते कांगणी हैलीपैड पर पहुंचे। जहां से वह पंडित सुखराम के परिवार को मिलने के लिए गांव बाड़ी गए। उन्होंने सुखराम के पुत्र अनिल शर्मा, उनके पौत्र आश्रय शर्मा व अन्य परिवारजनों के साथ शोक प्रकट किया। उन्होंने पंडित सुख राम के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अनिल शर्मा ने पंडित सुख राम के स्वास्थ्य व उनके जीवन के अनुभवों को जगत प्रकाश नड्डा के साथ सांझा किया। उन्होंने बताया कि इस उम्र में भी पंडित सुखराम योगा व सैर किया करते थे जो उनकी सेहत का राज था। लगभग आधा घंटा रूकने के बाद नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हैलीकॉप्टर से फिर कुल्लू रवाना हो गए।