Follow Us:

मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को बेहतर कानून व्यवस्था बनाने के दिए निर्देश

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंगलवार को गृह विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान जयराम ठाकुर ने राज्य पुलिस को पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को शान्ति और सदभावना के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल ही में कसौली घटनाक्रम के कारण राज्य पुलिस की कार्यप्रणाली पर धब्बा लगा है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इस दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस को मादक द्रव्यों, मोटरवाहन अधिनियम के उल्लघंन और महिलाओं की सुरक्षा इत्यादि के बारे में विशेष जागरूकता अभियान शुरू करने चाहिए। पुलिस को नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख़्ती से निपटना चाहिए और दोषियों के लाइसेंस रद्द किए जाएं। पुलिस को दो पहियों वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चलाना चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों के जीवन और सम्पत्ति की सुरक्षा के लिए पुलिस को पेशेवर तरीके से कार्य करना होगा। पुलिस बल को एक निष्पक्ष, नैतिक और वैध तरीके से समाज की सेवा करनी चाहिए, तभी वे बड़े स्तर पर जनता का आत्मविश्वास जीत सकेंगे।