Follow Us:

कांग्रेस के घोषणापत्र को CM ने बताया ‘छलावा’, कहा- कोई फ़ायदा नहीं…!!

पी. चंद |

कांग्रेस के घोषणा पत्र को हिमाचल के मुख्यमंत्री ने एक मात्र छलावा करार दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का ये घोषणापत्र भ्रमित करने वाला है, जिसका उद्देश्य लोक-लुभावन वादे कर सत्ता हथियाना है। कांग्रेस नेता सत्ता के बिना नहीं रह सकते और इस घोषणा पत्र में उनकी छटपटाहट भी साफ़ दिखाई दे रही है। लेकिन कांग्रेस के इस झूठे के पुलिंदे से जनता भटकने वाली नहीं है क्योंकि जनता ने मोदी को रिपीट करने का मन बना लिया है।

राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के व्यक्तित्व से भली भांति परिचित हैं। जो समय-समय पर अपने बयान बदलते रहते हैं, इसलिए लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। पूर्व में इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था लेकिन देश से गरीबी तो नहीं हटी। अब गरीब लोगों को 72000 रूपये सलाना देने की घोषणा भी केवल मात्र चुनावी स्टंट है जो निर्धन लोगों को भ्रमित करने का प्रयास है। कांग्रेस पार्टी का पूरे देश में कोई अस्तित्व नहीं है। जिन दलों के साथ वे गठबंधन कर रहे हैं वे अपने-अपने राज्यों में अपना जनाधार खो चुके हैं।

(आगे ख़बर के लिए विज्ञापन के नीचे स्क्रॉल करें…)

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी  ने वर्ष 2009 में भी नारा दिया था कि 'आम आदमी के बढ़ते कदम-हर कदम पर भारत बुलंद' परन्तु सभी जानते हैं कि भारत की अर्थ व्यवस्था और भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की साख पर भारी गिरावट आई। इस तरह में 2014 के अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस पार्टी ने नारा दिया था 'कांग्रेस एकमात्र विकल्प' लेकिन देश की प्रबुद्ध जनता ने कांग्रेस पार्टी को 44 सीटों का दल बना दिया था।

महिलाओं के नाम पर झूठ बोल रही कांग्रेस

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का वायदा किया गया है, लेकिन वास्तविक ये है कि 60 सालों तक सत्ता में रहने के बावजूद भी कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के कल्याण के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई। इसी तरह 2030 तक गरीबी हटाने का वायदा भी अपने आप में हास्यस्पद है क्योंकि कांग्रेस पार्टी द्वारा यह नारा लगभग 45 वर्ष पहले दिया गया था। देश के लोग कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाले हैं और वे एक बार फिर मोदी को रिपीट करेंगे।