Follow Us:

CBI मुख्यमंत्री को भी करे गिरफ्तार, तभी सामने आएंगे असली कातिल: मनकोटिया

बिट्टू सूर्यवंशी |

मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाने वाले मेजर विजय सिंह मनकोटिया एक बार फिर सीएम से जंग में उतर आए हैं। शुक्रवार को मनकोटिया ने कहा कि सीबीआई की कार्रवाई सिर्फ पुलिसकर्मियों तक ही नहीं रहनी चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री का नार्को टेस्ट कर गिरफ्तार करना चाहिए, क्योंकि उनकी गिरफ्तारी के बाद ही गुड़िया के असली कातिल पकड़े जा सकते हैं। जब तक वे बाहर हैं गुड़िया मामले में कोई सच्चाई सामने नहीं आएगी।

मेजर ने कहा कि वीरभद्र ने पुलिस की विश्वसनीयता को ही खत्म कर दिया है और प्रशासनिक ढांचा भी पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। वीरभद्र के शासन में प्रदेश की जनता दुखी हो चुकी है। मुख्यमंत्री के परिवार और उनके रिश्तेदारों की जब भी किसी मामले में इन्वॉल्वमेंट होती है तो न्यायपालिका का दुरुपयोग किया जाता है। अगर वीरभद्र सिंह कुछ दिन और कुर्सी पर रहे तो इस प्रदेश का दिवालिया निकल जायेगा। राज्यपाल ना जाने क्यों मुख्यमंत्री को बर्खास्त करने में विलंब कर रहे हैं।

CM को मिला फ्री हैंड तो कांग्रेस का विनाश तय

मनकोटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री चुनाव लड़ने के लिए फ्री हैंड की मांग पार्टी हाई कमान से कर रहे है जोकि बहुत ही दुर्भाग्य पूर्ण है। अगर इस बार फिर पार्टी हाईकमान झुक कर उन्हें फ्री हैंड देते है तो कोंग्रेस का खात्मा तय है।