Follow Us:

CM खुद जमानत पर, दूसरों को सिखा रहे नैतिकता: मनकोटिया

बिट्टू सूर्यवंशी |

कांग्रेस के पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। मनकोटिया ने कहा कि जमानत पर बैठे मुख्यमंत्री दूसरों को नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं, जिसके चलते कभी कांग्रेस पार्टी तो कभी प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।

यह बात मनकोटिया ने रविवार को जनसंपर्क अभियान के तहत भनाला पंचायत के बासा में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जनता ने वीरभद्र सिंह नकार दिया है। इसी वजह से उनकी रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है और स्कूली बच्चों को जबरदस्ती रैलियों में बैठा कर नेताओं के नारे लगवाए जा रहे हैं। ऐसे में वीरभद्र सिंह को हटाकर प्रदेश में जल्द आदर्श आचार संहिता लगाई जानी चाहिए।

मेजर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गुड़िया मामले को लेकर घोर लापरवाही बरती गई। इस मामले ने प्रदेश सरकार और कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह सरकार चलाने में पूरी तरह से असमर्थ हैं। मनकोटिया ने प्रदेश में बढ़ रही बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है।