Follow Us:

राठौर बोले- सत्ता विरोधी रूझान भाजपा के खिलाफ, आश्रय शर्मा को लेकर कही ये बात

बीरबल शर्मा |

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि उपचुनाव में सत्ता विरोधी रूझान भाजपा के खिलाफ है। कुलदीप राठौर ने कहा कि चुनाव आयोग की पाबंदियों के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के नामांकन के बाद ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित कांग्रेस की रैली में अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी रैली में लोगों को लाने के लिए गाड़ियां उपलब्ध करवाई थीं। जबकि कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने साधन पर रैली में आए थे और कार्यकर्ताओं में खूब जोश था। यही हाल अर्की, जुब्बल कोटखाई और फतेहपुर में भी है।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, बाहरी लोगों को रोजगार देने और विकास का मुददा होगा। जिस पर भाजपा से सफाई देते नहीं बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो कर्ज लिया है उसे किन विकास कार्यों पर खर्च किया जा रहा है, इसके लिए श्वेत पत्र जारी करे। मगर इस पर भाजपा मौन है। राठौर ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों और बागवानों की विरोधी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन एकजुट है, मगर भाजपा में विरोध के स्वर उभर रहे हैं। जिसके चलते भाजपा बैकफुट पर आ गई है। चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले होंगे। हम चारों चुनावों में जीतेंगे।

सुखराम के पोते आश्रय शर्मा के वरिष्ठ नेता कौल सिंह के बारे में दिए गए बयान के बारे में कुलदीप राठौर ने कहा कि वे इस बारे में आश्रय से बातचीत करेंगे। जबकि सुखराम वृद्ध नेता हैं, मैं उन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता। राठौर ने कहा कि मैं कांग्रेस में ऊपर से नहीं आया। नीचे से मेहनत कर ऊपर आया हूं। जहां तक टिकट की बात है तो मुझे टिकट आवंटन का कोई अधिकार नहीं।

उन्होंने कहा कि परिवारवाद तो भाजपा में भी है। क्या अनुराग ठाकुर परिवारवाद की उपज नहीं है। अगर किसी परिवार का कोई व्यक्ति अच्छा काम कर रहा है उसे टिकट देने में कोई बुराई नहीं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, प्रेदश कांग्रेस पैनलिस्ट आकाा शर्मा भी मौजूद रहे।