Follow Us:

7 सितंबर को राहुल से मिलेंगे शिंदे, कुछ नेताओं पर गिर सकती है गाज

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के लिए अगला हफ्ता काफी गहमा-गहमी भरा हो सकता है। क्योंकि, ख़बर है कि 7 सितंबर को हिमाचल कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाक़ात करने वाले हैं। इस दौरान शिंदे राहुल गांधी को हिमाचल की राजनीतिक गतिविधियों से वाक़िफ कराएंगे और पार्टी में जारी घमासान को लेकर भी जरूरी गहन चिंतन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनावी कमान अपने हाथ में लिए जाने की जिद के बाद इन दोनों शीर्ष नेताओं की बैठक काफी अहम मानी जा रही है। क्योंकि, अभी हाल ही में शिंदे दो बार प्रदेश की यात्रा कर चुके हैं और अलग-अलग कार्यकर्ता सम्मेलनों में गुटबाजी को भी भली-भांति समझ चुके हैं। इस लिहाज से माना जा रहा है कि वह पार्टी उपाध्यक्ष को आगे की कार्रवाई के लिए ठोस सुझाव ज़रूर देंगे।

राहुल गांधी और शिंदे की इस मुलाकात का मतलब साफ है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में कुछ ना कुछ निर्णायक हल निकलकर सामने आ सकता है। साथ ही कुछ नेताओं पर अनुशासन सहित दूसरे मसलों को देखते हुए आलाकमान की गाज भी गिर सकती है।