Follow Us:

कांग्रेस के बवाल पर नहीं थम रहा बीजेपी का हमला, कांग्रेस की मान्यता रद्द करने की मांग

पी. चंद |

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस कार्यालय में हुए खूनी संघर्ष पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।  सत्ती ने कहा कि कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल न रहकर गुंडों के गिरोह में तब्दील हो चुकी है, जो सत्ता और कुर्सी हथियाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इस हिंसा ने कांग्रेस पार्टी के चरित्र को उजागर किया है। चुनाव आयोग को स्वयं संज्ञान लेते हुए कांग्रेस पार्टी की एक राजनीतिक दल के रूप में मान्यता को खत्म कर देना चाहिए।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में बीजेपी कार्यालय पर हमला करके कांग्रेस नेताओं का मन नहीं भरा तो अब अपनी ही पार्टी के लोगों का खून बहाकर कांग्रेस नेता आनन्दित हो रहे हैं। वह यह भूल रहे थे कि जो हिंसा की फसल उन्होंने बोई थी वही फसल अब उन्हें काटनी पड़ रही है। देश में राजनीति और राजनितिज्ञों के स्तर को गिराने के बाद कांग्रेस नेता अब कार्यकर्ता के बजाए गिरोह के रूप में कार्य कर रहे है। कांग्रेस पार्टी कार्यालय में बहा खून इन गिराहों की आपसी लड़ाई का परिणाम है।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी ने ठीक ही कहा था कि आजादी मिलने के पश्चात कांग्रेस को समाप्त कर देना चाहिए। आजादी के पश्चात कांग्रेस अपने मूल सिद्धान्तों से भटककर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और हिंसा में इस कदर समा गई है कि अब कांग्रेस पार्टी का दूसरा नाम ही भ्रष्टाचार हो गया है।

सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस पार्टी के इसी चरित्र की वजह से घृणा करने लग पड़ी है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने भी जनता की आवाज को सुनते हुए कांग्रेस पार्टी के इसी चरित्र से देश को मुक्त करने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में हुए खूनी संघर्ष से देवभूमि की साख को वट्टा लगा है। कांग्रेसी नेताओं को इसके लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।