Follow Us:

पर्यटन निगम के कर्मचारियों को एक माह से नहीं मिला वेतन, सरकार कर्मचारियों के प्रति उदासीन: कांग्रेस

पी. चंद |

हिमाचल कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा ने कहा कि पर्यटन निगम के कर्मचारियों को पिछले माह का वेतन नहीं मिल पाया है। वहीं, अगले माह का भी आधा महीना निकल गया। क्या अफसरशाही को भी वेतन नहीं मिला होगा? उन्होंने कहा कि अफसरशाही तो अपना वेतन समय पर अपनी जेबों में डाल लेती है लेकिन जब छोटे कर्मचारियों की बात आती है तो लापरवाही बरती जाती है। यह कर्मचारियों का शोषण है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का कर्मचारियों के प्रति रवैया हमेशा उदासीन रहा है। अस्पतालों में तकनीकी सहायकों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिल पाया है। दैनिक वेतन भोगियों का भी यही हाल है। परिवहन निगम के कर्मचारियों को भी महीनों बेतन भत्तों के लिए इंतज़ार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह अफसरशाही का दोष है। सरकार छोटे कर्मचारियों के प्रति गम्भीर नहीं है। सरकार पर अफसरशाही हावी है। 

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि गरीबी पेंशन पाने वाले, वृद्धावस्था पेंशन पाने वालों को छः छः माह तक इंतजार करना पड़ता है तब जा कर पेंशन प्राप्त होती है। उन्होंने अफसरशाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कभी ऐसा हुआ कि अफसरों को वेतन न मिला हो। अफसरशाही सबसे पहले अपना हित साधती है और कर्मचारियों के प्रति उदासीन रवैया अपनाती है। यह स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को चाहिए कि सबसे पहले छोटे कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करे और सबसे अंत में अफसरशाही को बेतन दे।

उन्होंने कहा कि सरकार का अफसरशाही पर कोई नियंत्रण नहीं है जिसके कारण यह स्थिति पैदा हो रही है। आज स्थिति यह है कि भाजपा सरकार से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है और किसी न किसी रूप में नुकसान झेल रहा है।