-
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में घायल हरोली के दो जवानों के परिवारों से की मुलाकात
-
बीएसएफ के उप निरीक्षक व्यास देव और सिख रेजिमेंट के जवान गुरनाम सिंह के साहस को किया नमन
-
प्रदेश सरकार ने जताई हरसंभव सहायता की प्रतिबद्धता, ईश्वर से जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना
Operation Sindoorऑपरेशन सिंदूर के दौरान घायल हुए वीर जवानों से मिलने पहुंचे हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के दो जांबाज सपूतों के परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और प्रदेश की ओर से सम्मान और संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल बीएसएफ के उप निरीक्षक व्यास देव के बाथू गांव स्थित घर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी परमजीत कौर से भेंट कर उनके साहस, बलिदान और समर्पण के लिए कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा कि व्यास देव ने देश की रक्षा में अनुकरणीय पराक्रम का प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह भी बताया कि हमले में एक टांग गंवाने के बावजूद उनका जज़्बा पूरे देश को प्रेरित करता है।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने छेत्रा गांव जाकर सिख रेजिमेंट के घायल जवान गुरनाम सिंह उर्फ ‘रोमी’ के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने गुरनाम सिंह के पिता जोगिंदर सिंह, माता जगमोहन कौर और पत्नी गुरप्रीत कौर से बातचीत की और गुरनाम सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सैनिकों का समर्पण और सेवा भावना देश की असली ताकत है।
उप मुख्यमंत्री ने दोनों जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की और आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उनकी हरसंभव मदद सुनिश्चित करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ऐसे सैनिकों और उनके परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, सतीश बिट्टू, विनोद बिट्टू, पवन ठाकुर और बाथू ग्राम पंचायत की प्रधान सुरेखा राणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री की यह मानवीय पहल सैनिकों और उनके परिवारों के मनोबल को संबल देने वाला कदम माना जा रहा है, जो सरकार की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।



