Follow Us:

शिमला के डिजिटल खजाने में 1870 के प्रमाण पत्र – अब बस ₹50 में

  • शिमला नगर निगम ने 1870 से 2015 तक के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की पहल की

  • अब लोग घर बैठे सिर्फ ₹50 शुल्क देकर प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे

  • यह सुविधा देश-विदेश में रहने वाले लोगों, खासकर ब्रिटिश नागरिकों को भी लाभ देगी



शिमला नगर निगम ने एक बड़ी पहल करते हुए अपने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के रिकॉर्ड को ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 24 मई 2025 से शुरू की जाएगी, जिसमें 1870 से लेकर 2015 तक के रिकॉर्ड को ऑनलाइन खोजा और डाउनलोड किया जा सकेगा।

नगर निगम शिमला के मेयर सुरेन्द्र चौहान ने जानकारी दी कि अब किसी भी नागरिक को प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। सिर्फ ₹50 शुल्क देकर व्यक्ति अपने प्रमाण पत्र को ऑनलाइन प्राप्त कर सकेगा।

नगर निगम ने अब तक कुल 3 लाख 11 हज़ार 651 रिकॉर्ड्स को डिजिटल फॉर्मेट में तैयार किया है, जिनमें 2 लाख 37 हज़ार 741 जन्म प्रमाण पत्र और 73 हज़ार 910 मृत्यु प्रमाण पत्र शामिल हैं। यह पूरी प्रक्रिया डिजिटलीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

गौरतलब है कि शिमला एक ऐतिहासिक शहर है, जिसे अंग्रेजों ने बसाया था। आज भी कई ब्रिटिश नागरिक अपने पूर्वजों के दस्तावेज़ों को खोजने के लिए शिमला आते हैं। अब इस सुविधा से उन्हें भी काफी सहूलियत मिलेगी, क्योंकि वे ऑनलाइन माध्यम से ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जो इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, के लौटने के बाद इस सुविधा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

यह प्रयास डिजिटल इंडिया मिशन को भी बल देगा और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विदेश में बसे भारतीय और विदेशी नागरिकों को भी प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया में आसानी प्रदान करेगा।