Follow Us:

नशा मुक्त हिमाचल और सौहार्दपूर्ण पुलिसिंग प्राथमिकता: DGP

  • आईपीएस अशोक तिवारी ने हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाला

  • नशा मुक्त हिमाचल और सौहार्दपूर्ण पुलिसिंग को बताया प्राथमिकता

  • मुख्यमंत्री के दिशानिर्देशों को पूरी निष्ठा से लागू करने का आह्वान


DGP Ashok Tiwari:आईपीएस अधिकारी अशोक तिवारी ने आज शिमला स्थित पुलिस मुख्यालय में हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने यह स्पष्ट किया कि प्रदेश पुलिस की प्राथमिकता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विज़न के अनुरूप तय की जाएगी। डीजीपी तिवारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस को एक ऐसा बल बनाया जाएगा जिसकी पहचान निष्पक्षता, सेवा भाव और जनता के प्रति जवाबदेही के लिए हो।

अपने पहले संदेश में डीजीपी तिवारी ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए तीन मुख्य निर्देशों को पुलिस बल की कार्य संस्कृति में लागू करने की प्रतिबद्धता जताई। पहला निर्देश है कि हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त राज्य बनाने की दिशा में चलाए जा रहे अभियानों को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाया जाए। दूसरा, प्रदेश पुलिस की छवि को एक अनुशासित, पारदर्शी और सेवा-प्रधान बल के रूप में मजबूत किया जाए। तीसरा, पुलिस को एक मानवीय और सौहार्दपूर्ण कार्यशैली अपनानी चाहिए ताकि नागरिक बिना भय के पुलिस से संवाद कर सकें।

डीजीपी तिवारी ने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि प्रदेश पुलिस का हर अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी, निष्ठा और टीम भावना के साथ इन लक्ष्यों को साकार करने में जुट जाए। उन्होंने जोर दिया कि जनसंपर्क, जनविश्वास और न्यायप्रियता ही एक सशक्त लोकतांत्रिक पुलिस व्यवस्था की पहचान होती है। इस मौके पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक औपचारिक समारोह में वरिष्ठ अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।