Follow Us:

हिमाचल में तीन दिन तक बारिश-तूफान का अलर्ट, छह अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी

➤ हिमाचल में 3 दिन तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव, बारिश-तूफान का अलर्ट
➤ छह अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी में ऑरेंज अलर्ट
➤ ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात, तापमान में गिरावट की संभावना

 हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शनिवार से अगले तीन दिन तक प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव रहेगा। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

6 अक्टूबर को मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं शिमला और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित हुआ है। इसी दिन किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात होने की संभावना भी जताई गई है।

5 अक्टूबर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और मंडी में ओलावृष्टि के साथ बारिश का पूर्वानुमान है और इसके लिए यलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं 7 अक्टूबर को कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंधी-तूफान की चेतावनी 5 अक्टूबर से पहले ही लागू रहेगी।

आज सुबह कांगड़ा में जोरदार बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया है। वहीं शिमला में सुबह हल्के बादल छाए रहे।

फिलहाल प्रदेश का तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि कल से तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। अभी सोलन का तापमान 31 डिग्री (सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक), ऊना का 35.4 डिग्री (सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक), धर्मशाला का 29 डिग्री (2.1 डिग्री अधिक), शिमला का 24.8 डिग्री (1.8 डिग्री अधिक) और मनाली का 25.2 डिग्री (1.1 डिग्री अधिक) दर्ज हुआ है। औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा चल रहा है।