Follow Us:

अंग्रेजों से ज्यादा तो कांग्रेस पार्टी ने देश को लूटा: कपूर

मनोज धीमान |

धर्मशाला में हुए युवा मोर्चा सम्मेलन में किशन कपूर ने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव देश को समर्पित है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के पुलवामा आतंकी हमले के मास्टरमाइंड और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर को ग्लोबल आतंकी घोषित करने पर चीन ने भी घुटने टेक दिए। पाकिस्तान हर बार भारत को घाव देता रहा इस बार पाकिस्तान को करारा झटका लगा है।

इस दौरान कपूर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में आतंकवाद पैदा किया और सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है। कपूर ने कहा कि कांग्रेस आजादी के बाद षड्यंत्र के तहत सत्ता में आई थी। कांग्रेस ने उन लोगों के नाम इतिहास के पन्नों से मिटा दिया जिन्होंने देश की आजदी के लिए कुर्बानी दी थी। हिंदुस्तान को लूटने में अंग्रेजों ने कोई कसर नहीं छोड़ी लेकिन कांग्रेस ने देश को सबसे अधिक लूटा।

हिमाचल में अगर कोई उद्योग स्थापित नहीं हो पाए तो उसका सबसे बड़ा कारण कांग्रेस की गलत नीतियां रही।  कांग्रेस सरकार ने दस साल तक शासन किया लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ कुछ नहीं किया।

कपूर ने कहा कि 2014 में कांग्रेस की पूरी भ्रष्टाचारी छबि सामने आई और मोदी को प्रधानमंत्री बना कर देश की जनता ने कांग्रेस को जबाब दिया। मोदी सरकार के दौरान पांच साल में कोई भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने कहा कांग्रेस सभी सीटें  जितने के लिए चुनाव नहीं लड़ रही है इससे साबित हो गया है कि कांग्रेस किस के लिए चुनाव लड़ रही है

वहीं, कपूर ने कहा कि इमरान खान ने ईरान में जाकर माना कि पाकिस्तान आतंकियों की धरती है इसके पीछे मोदी का सबसे बड़ा योगदान रहा है। पूरे विश्व ने पाकिस्तान पर दवाब बनाया और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को आखिर बोलना पड़ा की पाकिस्तान आतंकियों की धरती है।