-
7/8 जनवरी 2025 को मणिकर्ण के रशोल गांव में हुई थी अज्ञात व्यक्ति की हत्या
-
पहले आरोपी की गिरफ्तारी 16 जनवरी को हुई थी, दूसरा आरोपी 25 मई को पकड़ा गया
-
सिरसा (हरियाणा) से पकड़े गए आरोपी को कुल्लू कोर्ट ने 2 जून तक भेजा पुलिस रिमांड पर
Manikaran blind murder case: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मणिकर्ण क्षेत्र में जनवरी 2025 में हुई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने की दिशा में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। इस केस में एक और वांछित आरोपी रिंकू को 25 मई 2025 को हरियाणा के कागदाना, जिला सिरसा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान रिंकू (उम्र 31 वर्ष), पुत्र मदन लाल, निवासी नौलथा, तहसील इसराना, जिला पानीपत के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि 8 जनवरी 2025 को थाना मणिकर्ण में एफआईआर संख्या 04/25 दर्ज की गई थी, जो धारा 103, 109, 331(4), 311, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एक ब्लाइंड मर्डर केस था। उस समय हत्या के संबंध में एक आरोपी को 16 जनवरी 2025 को ही गिरफ्तार किया गया था, लेकिन रिंकू फरार था और उसकी तलाश महीनों से जारी थी।
आख़िरकार पुलिस टीम को रिंकू की लोकेशन सिरसा में मिलने पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया। उसे 26 मई 2025 को माननीय अदालत कुल्लू में पेश किया गया, जहां से 2 जून 2025 तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है ताकि हत्या के पीछे की साजिश और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका स्पष्ट की जा सके।



