Indian Culture Influence : महाराष्ट्र के पुणे स्थित एमआईटी विश्व शांति विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 14वें अखिल भारतीय छात्र सम्मेलन के तीसरे सत्र की अध्यक्षता करते हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानियां ने कहा कि पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति की प्रशंसक है। उन्होंने कहा, “हम पहले भारतीय हैं, फिर किसी प्रदेश के निवासी। हमें अपनी विरासत पर गर्व होना चाहिए।”
भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान
पठानियां ने कहा कि आज भी भारतीय संस्कृति और परिधान दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं। हिमाचल प्रदेश का चंबा रूमाल, हिमाचली टोपी और शॉल को दुनियाभर में विशिष्ट परिधानों में गिना जाता है। उन्होंने मिंजर मेला (चंबा), महाशिवरात्रि (मंडी), और कुल्लू दशहरा जैसे पर्वों का जिक्र करते हुए भारतीय संस्कृति की विशेषताओं को रेखांकित किया।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के दौरान उन्हें ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूजीलैंड और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में भी भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। पश्चिमी देशों के लोग रामायण और महाभारत के प्रति आकर्षित हो रहे हैं और गीता के उपदेशों को अपना रहे हैं।
राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में भागीदारी
विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में भी भाग लिया, जिसमें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, विधान परिषद की डिप्टी चेयरमैन नीलम गोरे, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सहित 250 से अधिक विधायक उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के भी 13 सदस्य इस सम्मेलन में शामिल हुए।
इस अवसर पर एमआईटी विश्व शांति विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ कराड और अध्यक्ष राहुल कराड ने पठानियां का सम्मान किया।
एआई और मशीन लर्निंग पर विचार
सम्मेलन के दौरान कुलदीप पठानियां ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और मशीन लर्निंग (ML) की बढ़ती भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ये तकनीकें न केवल वर्तमान बल्कि भविष्य का भी निर्माण कर रही हैं। छात्रों और पेशेवरों को इसे डर की बजाय उत्सुकता, जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण से अपनाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “AI और ML केवल भविष्य की अवधारणाएं नहीं हैं, बल्कि वे हमारे वर्तमान को भी आकार दे रही हैं। यदि हम आगे बढ़ना चाहते हैं, तो हमें इन तकनीकों को अपनाने के लिए तैयार रहना होगा।”
सम्मेलन में शामिल प्रमुख हस्तियां
इस सम्मेलन में कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें रामायण सीरियल में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, केंद्रीय नागरिक एवं उड्डयन मंत्री किंजारप्पा राममोहन नायडू, फिल्म अभिनेत्री खुशबू, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन समेत देशभर से 10,000 से अधिक छात्र इस सम्मेलन में शामिल हुए।