Follow Us:

शहीद तिलक राज की पत्नी को प्रदेश सरकार ने दिया 15 लाख रुपये का चैक

समाचार फर्स्ट डेस्क |

पुलवामा शहीद  तिलक राज  की पत्नी सावित्री देवी को हिमाचल सरकार की ओर से 15 लाख रुपये का चैक सौंपा गया है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के उपमंडल जवाली के तहत धेवा निवासी पुलवामा शहीद तिलक राज की पत्नी सावित्री देवी  को विधायक अर्जुन सिंह  व एसडीएम जवाली अरुण कुमार शर्मा ने मिलकर यह चैक सौंपा है।

इस मौके पर शहीद तिलक राज की पत्नी सावित्री देवी ने हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुरऔर जवाली के विधायक अर्जुन ठाकुर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो वादा किया था, आज पूरा कर दिया है। वहीं जवाली के विधायक अर्जुन सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शहीद के परिवार को 20 लाख रुपए देने की घोषणा की थी जिसमें से 5 लाख रुपए पहले ही दे दिए गए थे।

इसके अलावा धेवा स्कूल का नाम शहीद तिलक राज के नाम कर दिया गया है। शहीद तिलक राज की पत्नी को नौकरी देने का वादा पूरा किया जा चुका है। शहीद की पत्नी सावित्री देवी उपतहसील हरचक्कियां में बतौर क्लर्क कार्यरत है।