➤ आनी में मंदिर से लौट रहे परिवार की कार पर गिरी चट्टान, पति-पत्नी की मौके पर मौत
➤ किन्नौर में लैंडस्लाइड से NH-5 बंद, चंबा के सलूणी में युवती अब भी लापता
➤ चार जिलों में यलो अलर्ट, कई इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। कुल्लू जिले के आनी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टानों की चपेट में आने से एक दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार श्रीखंड अस्पताल रामपुर में कार्यरत डॉ. बृज अपनी पत्नी और बेटी के साथ खुदडीजल मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान रानाबाग-देवरी मार्ग पर अचानक पहाड़ी से चट्टानें उनकी कार पर आ गिरीं। हादसा इतना भीषण था कि पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर किन्नौर जिले के चौरा के पास भारी भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) बंद हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और किन्नौर का राजधानी शिमला से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
चंबा जिले के सलूणी क्षेत्र में गुरुवार शाम भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही एक युवती नाले के तेज बहाव में बह गई थी। राहत एवं बचाव दल लगातार तलाश में जुटा है, लेकिन अब तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी वर्षा दर्ज की गई। धर्मशाला में 147.1 मिमी और भटियात (चंबा) में 75.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। डलहौजी में भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग (IMD) ने बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 5 अगस्त तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा और कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।