➤ PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह 22 सितंबर को अमरीन कौर से करेंगे विवाह
➤ शादी का आयोजन चंडीगढ़ सेक्टर-2 स्थित अमरीन कौर के घर में आनंद कारज से होगा
➤ हॉली लॉज शिमला को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, शाम को होगा वधु प्रवेश
हिमाचल प्रदेश के PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह तीन दिन बाद शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शिमला स्थित उनके निजी आवास हॉली लॉज को इस अवसर पर खूबसूरती से सजाया गया है। रात के समय रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाते इस ऐतिहासिक घर का वीडियो विक्रमादित्य ने स्वयं अपने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसे देखने के बाद समर्थक और शुभचिंतक उन्हें बधाइयाँ दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपनी माता प्रतिभा सिंह, बहन-बहनोई और कुछ दोस्तों के साथ आज चंडीगढ़ रवाना होंगे। 22 सितंबर की सुबह 10 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित अमरीन कौर के निवास पर आनंद कारज (सिख रीति-रिवाज) से शादी की रस्में पूरी होंगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे विवाह भोज रखा गया है। शादी के बाद शाम को दुल्हन सहित मंत्री विक्रमादित्य सिंह शिमला लौटेंगे और उसी रात हॉली लॉज में वधु प्रवेश होगा।

दुल्हन बनने जा रही डॉ. अमरीन कौर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में साइकोलॉजी विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। वह सेक्टर-2 निवासी सरदार जोतिंद्र सिंह सेखो और सरदारनी ओपिंद्र कौर की बेटी हैं। विक्रमादित्य और अमरीन की दोस्ती करीब आठ-नौ साल पुरानी बताई जाती है, जो राजनीति में आने से पहले शुरू हुई थी।
गौरतलब है कि यह विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी 2019 में सुदर्शना चूंडावत से हुई थी, लेकिन हाल ही में आपसी मतभेद के चलते दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद अब उन्होंने जीवन का नया अध्याय शुरू करने का फैसला किया है।
विक्रमादित्य सिंह छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे हैं और वर्तमान में शिमला ग्रामीण से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। मौजूदा कांग्रेस सरकार में उन्हें लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी शादी को लेकर पूरे प्रदेश में चर्चा का माहौल है और लोग उत्सुकता से इस बड़े आयोजन का इंतजार कर रहे हैं।



