Follow Us:

केंद्र ने 14 बाढ़ प्रभावित राज्यों ₹5,858.60 करोड़ की वित्तीय सहायता जारी की,हिमाचल को मिले ₹189.20 करोड़

|

 

New Delhi: केंद्र सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों की सहायता के लिए 14 बाढ़ प्रभावित राज्यों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) से ₹5,858.60 करोड़ की धनराशि जारी की है। इस धनराशि में हिमाचल प्रदेश को ₹189.20 करोड़ की मंजूरी दी गई है। गृह मंत्रालय की ओर से यह सहायता मानसून के दौरान आई बाढ़, भारी बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए जारी की गई है।

सरकार ने असम, मिजोरम, केरल, त्रिपुरा, नागालैंड, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और मणिपुर के लिए अंतर-मंत्रालयी केन्द्रीय दल (IMCT) भेजकर नुकसान का आकलन कराया। इसके साथ ही, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी नुकसान के आकलन के लिए जल्द ही IMCT टीमें भेजी जाएंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सरकार ने आपदा प्रबंधन के तहत अब तक 21 राज्यों को ₹14,958 करोड़ से अधिक की राशि जारी की है। इसमें SDRF से ₹9,044.80 करोड़, NDRF से ₹4,528.66 करोड़ और राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (SDMF) से ₹1,385.45 करोड़ की धनराशि शामिल है।

सरकार ने वित्तीय सहायता के अलावा सभी बाढ़ प्रभावित राज्यों को राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), थल सेना, और वायु सेना की टीमों की तैनाती सहित अन्य लॉजिस्टिक मदद भी उपलब्ध कराई है।