Follow Us:

बर्फबारी से मंडी संसदीय क्षेत्र में हफ्तों तक बिजली गुल, दुर्गम क्षेत्रों में इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने की जरूरत ; कंगना

  • सांसद कंगना रनोट ने लोकसभा में बिजली समस्या का मुद्दा उठाया
  • भारी बर्फबारी के कारण मंडी संसदीय क्षेत्र के कई गांवों में हफ्तों तक बिजली बाधित रहती है
  • केंद्र और राज्य से दुर्गम इलाकों में मजबूत बिजली इन्फ्रास्ट्रक्चर की मांग

Kangana Ranaut Power Crisis: हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से सांसद कंगना रनोट ने लोकसभा में अपने क्षेत्र में बिजली की समस्या को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि मंडी संसदीय क्षेत्र के कई गांवों में भारी बर्फबारी के कारण बिजली आपूर्ति हफ्तों तक बाधित रहती है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कंगना ने कहा कि बर्फबारी से ट्रांसफॉर्मर बार-बार खराब हो जाते हैं और हल्की बर्फबारी में भी बिजली गुल हो जाती है। उन्होंने इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए दुर्गम और ग्रामीण इलाकों में बिजली इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की जरूरत बताई। खराब पावर स्ट्रक्चर के चलते लंबे समय तक बिजली कटौती होती है, जिससे लोगों का जनजीवन और कारोबार दोनों प्रभावित होते हैं।

सांसद कंगना रनोट ने लोकसभा में अपने मंडी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सिराज, बंजार और आनी विधानसभा क्षेत्रों का जिक्र किया। उन्होंने इन क्षेत्रों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही, उन्होंने दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत ग्रामीण विद्युतीकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय और राज्य बिजली बोर्ड से बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का आग्रह किया।