- चंबा जिले के चांजू में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना की श्रमिक कॉलोनी में भीषण आग लगी।
- हादसे में एक मजदूर जिंदा जलकर मारा गया, लाखों की संपत्ति जलकर राख।
- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा, आग के कारणों की जांच जारी।
Hydroelectric Project Fire: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चांजू में निर्माणाधीन जल विद्युत परियोजना की श्रमिक कॉलोनी में शुक्रवार आधी रात को भीषण अग्निकांड हुआ। इस हादसे में एक मजदूर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान बिंदु पुत्र धर्मचंद, निवासी संगेड के रूप में हुई है। आग लगते ही कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने बचने की कोशिश की, लेकिन बिंदु आग की चपेट में आ गया और बाहर नहीं निकल पाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस की निगरानी में मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।



