Follow Us:

बंबर ठाकुर पर हमले में इस्‍तेमाल गाड़ी मिली, ड्राइवर हिरासत में, 12 नहीं 24 राउंड फायरिंग हुई

  • बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर हमले में इस्तेमाल की गई गाड़ी और उसके ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लिया
  • घटनास्थल पर 12 नहीं, बल्कि 22 से 24 राउंड फायरिंग हुई, चार शूटर शामिल होने की आशंका
  • आरोपी हमले के बाद मंडी और कुल्लू की तरफ फरार, पुलिस जांच में जुटी

Bilaspur Firing Incident: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर हुए हमले की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उस गाड़ी और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जिसका इस्तेमाल शूटरों ने भागने के लिए किया था।

पुलिस ने मंडी के चक्कर क्षेत्र से हमले में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद की है। हमलावरों की तलाश के लिए मंडी पुलिस की मदद ली जा रही है। हालांकि, जिला पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इस मामले को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव विकास ठाकुर ने बिलासपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर सवाल उठाए। वहीं, भाजपा ने शहर में रैली निकालकर प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे में आरोपी नहीं पकड़े गए तो बिलासपुर बंद किया जाएगा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गोलीकांड में हमलावरों ने 12 नहीं, बल्कि 22 से 24 राउंड फायरिंग की थी। चश्मदीदों के मुताबिक, चार शूटरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और फायरिंग के बाद वे मंडी और कुल्लू की ओर भाग निकले। हालांकि, जिला पुलिस ने अभी तक इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, और पुलिस विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।  पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और मामले में और खुलासे किए जाएंगे। वहीं ठाकुर की हालत में  सुधार है।

IGMC के डॉक्टर राहुल राव ने जानकारी दी कि ऑर्थोपेडिक विभाग की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है और अभी उन्हें सर्जरी की आवश्यकता नहीं है। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी स्थिति को देखते हुए फिलहाल उन्हें ‘कंजरवेटिव मैनेजमेंट’ यानी दवाओं और अन्य चिकित्सीय उपायों के जरिए इलाज दिया जाएगा।

गौरतलब है कि शुक्रवार रात बिलासपुर में उनके सरकारी आवास पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी थी, जिसमें उनका पीएसओ भी घायल हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर नजर बनाए हुए हैं।

 IGMC में उपचाराधीन बंबर ठाकुर ने गोलीकांड को चिट्टे के साथ जोड़ा है। वहीं, भाजपा विधायक त्रिलोक जामवाल पर भी लगाए संरक्षण के आरोप लगाए हैंं ।