-
राज्य पावर कॉरपोरेशन के प्रमुख अभियंता विमल नेगी का शव डैम से मिला
-
पत्नी किरण नेगी ने उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया
-
अभियंताओं और कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चे ने मुख्यमंत्री से जांच की मांग की
Himachal Pradesh Power Corporation: राज्य पावर कॉरपोरेशन के प्रमुख अभियंता विमल नेगी, जो 10 मार्च से लापता थे, उनका शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। यह शव झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पपलोआ के गाह के पास स्थित डैम से मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू की और शव की पहचान की है।
विमल नेगी की पत्नी किरण नेगी ने उच्च अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर अपने पति की तलाश में मदद की गुहार लगाई थी। किरण नेगी ने अपने पति की सूचना देने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की भी घोषणा की थी।
किरण नेगी ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि उनके पति हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में कार्यरत थे और पिछले छह महीनों से मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च अधिकारियों द्वारा अनावश्यक रूप से मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी, जानबूझकर चिकित्सा अवकाश न दिया जा रहा था, और बार-बार प्रशासनिक कार्यवाही की धमकी दी जा रही थी।
पुलिस ने इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी है। विमल नेगी की गुमशुदगी के बाद पुलिस ने उन्हें धर्मशाला, चंडीगढ़ और बिलासपुर में खोजने के लिए विशेष टीमें भेजी थीं, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला था। उनकी अंतिम लोकेशन बिलासपुर जिले के नौणी के पास भराड़ी वाइफरकेशन में देखी गई थी, जहां का एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है।
इस मामले में बिजली बोर्ड के अभियंताओं और कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चा ने भी मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। मोर्चा के संयोजक लोकेश ठाकुर और हीरालाल वर्मा ने इस प्रकरण की विस्तृत जांच की मांग की है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
मुख्यमंत्री ने मुख्य अभियन्ता विमल नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां हिमाचल प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटिड में मुख्य अभियन्ता व महा प्रबंधक के पद पर सेवारत विमल नेगी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और उन्हें इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विमल नेगी ने पॉवर कॉरपोरेशन में जीवन भर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की व अपने दायित्व के प्रति पूर्ण निष्ठा से समर्पित रहे।
.



