Dalit Leader Kevalu Ram: सराज विधानसभा क्षेत्र में दशकों तक समाजसेवा में समर्पित रहे दलित नेता एवं पूर्व पंचायत प्रधान केवलू राम का हाल ही में निधन हो गया। उनके निधन पर अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद हिमाचल प्रदेश के महासचिव एवं राज्य प्रवक्ता चमन राही ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने केवलू राम के जर्जर मकान का निरीक्षण कर सरकार तक उनकी बदहाल स्थिति की बात पहुंचाने का आश्वासन दिया।
चमन राही ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र की पंचायत काउ गांव बछाहड़ पंजाई में केवलू राम के घर तक न पक्की सड़क पहुंची है, न ही उचित रास्ता। यहां न सौर ऊर्जा की व्यवस्था है और न ही सार्वजनिक शौचालय। पानी की सुविधा भी न के बराबर है। यह स्थिति उन समाजसेवियों की है जिन्होंने अपना पूरा जीवन जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर दिया।
केवलू राम ने अपने कार्यकाल में सराज क्षेत्र में कई अहम कार्य किए। वे ठाकुर कर्म सिंह के फाउंडर रहे और कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन के रूप में सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए समन्वय समिति बनाई थी। उन्होंने पीएनबी बैंक, औषधालय, स्कूल खुलवाने और भूमिहीनों को जमीन दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
चमन राही ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केवलू राम को बोर्ड चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने गांधीवादी विचारधारा का पालन करते हुए इसे अस्वीकार कर दिया। आज उनके घर की हालत देखकर दुख होता है कि एक समाजसेवी, जिसने अपना जीवन दूसरों की भलाई में लगा दिया, स्वयं मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहा।
इस अवसर पर पंचायती राज सिस्टम के उपाध्यक्ष गोविंद वर्धन, परिषद के जिलाध्यक्ष चंद्रवीर कागरा, झुंकी झोपड़ी एसोसिएशन के प्रधान विनोद कुमार, प्रीतम सिंह, तेज राम, मेहर सिंह, तेज सिंह, डोला राम, उदय राम, दिले राम, धनीराम और तीर्थराज समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



