-
सुन्नी में लुहरी-सुन्नी रोड पर हुआ हादसा
-
चंबा के अनिल (28) की मौत, मंडी के संजय (25) गंभीर घायल
-
तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बनी हादसे की वजह
शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक कार बेकाबू होकर 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में ड्राइवर अनिल (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरा व्यक्ति संजय कुमार (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा लुहरी-सुन्नी रोड पर खैरा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 फीट नीचे निर्माणाधीन डैम प्रोजेक्ट साइट में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया।
मृतक अनिल चंबा जिले के भरमौर तहसील के गांव सोपा का रहने वाला था, जबकि घायल संजय कुमार मंडी जिले के करसोग तहसील के गांव परलोग का निवासी है। दोनों युवक सुन्नी डैम के निर्माणाधीन पावर प्रोजेक्ट में कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बताई गई है।
पुलिस ने थाना सुन्नी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 व 125 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।



