BJP Strength Worldwide: बिलासपुर में भाजपा नैना देवी के दो मंडलों की परिचय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नैना देवी से विधायक रणधीर शर्मा भी विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता नैना देवी अपर के अध्यक्ष नंद लाल ठाकुर और नैना देवी लोअर के अध्यक्ष बलबीर सिंह पप्पी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए कर्ण नंदा ने भाजपा को विश्व का सबसे मजबूत और विराट राजनीतिक दल बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा के 18 करोड़ से अधिक और हिमाचल प्रदेश में 16 लाख से अधिक प्राथमिक सदस्य हैं। भाजपा ने लोकसभा में 240 सीटें और एनडीए ने 293 सीटें जीतीं, वहीं राज्यसभा में भाजपा के 98 और एनडीए के 125 सदस्य हैं। प्रदेश में भाजपा के कुल 1484 विधायक हैं, जो पार्टी की मजबूती को दर्शाता है।
जेपी नड्डा के नेतृत्व की सराहना करते हुए नंदा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी रिकॉर्ड तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। उन्होंने बताया कि भाजपा ने इस वर्ष आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र में सरकार बनाई और 2025 तक दिल्ली समेत 21 राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकार होगी।
उन्होंने हिमाचल में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया राज फल-फूल रहा है। बिलासपुर जैसे शांत जिले में एक साल में दो बार गोलियां चलना, कांग्रेस सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों में चिंताजनक वृद्धि हुई है।
भाजपा 27 मार्च को शिमला के चौड़ा मैदान में कांग्रेस सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन करने जा रही है, जिसमें बिलासपुर जिले से हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसको लेकर बैठक में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष स्वतंत्र संख्या, जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल, मान सिंह धीमान, मंडल अध्यक्ष नंद लाल ठाकुर, मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह, बालकृष्ण ठाकुर और प्यारे लाल चौधरी समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



