Follow Us:

हिमाचल को देवभूमि बनाए रखने के लिए नशा मुक्त समाज जरूरी: राज्यपाल

Drug-Free Himachal Campaign:हिमाचल प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या को रोकने और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से श्यामला एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा गेयटी थिएटर में “शिमला अगेंस्ट ड्रग्स” संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति सत प्रकाश बंसल विशिष्ट अतिथि रहे।

इस अवसर पर शिमला के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशे के खात्मे का संकल्प लिया

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के खिलाफ हिमाचल में जनचेतना अभियान तेज हो रहा है, जिससे गांव-गांव और घर-घर में जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को देवभूमि बनाए रखने के लिए नशे का खात्मा जरूरी है और इसके लिए सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा

राज्यपाल ने कहा कि “हिमाचल बचाओ, नशा भगाओ” का नारा सार्थक होता दिख रहा है, और इसी प्रतिबद्धता के साथ सभी को एकजुट होकर नशे के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने की अपील की

संगोष्ठी में शिक्षकों, छात्रों और समाजसेवियों ने भी अपने विचार रखे और नशामुक्त हिमाचल के लिए सहयोग का आश्वासन दिया