-
9850 करोड़ का बजट शिक्षा क्षेत्र में आवंटित, कुल बजट का 17%
-
शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सख्त निर्णय, शिक्षक भर्ती प्रक्रिया तेज
-
ठियोग क्षेत्र में भ्रष्टाचारियों के लिए कोई स्थान नहीं: विधायक कुलदीप राठौर
Himachal Education Budget: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज राजकीय महाविद्यालय ठियोग में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए 9850 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। यह राज्य के कुल बजट का 17 प्रतिशत है, जिससे प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक सुधार किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों के स्थानांतरण पर रोक लगाई गई है ताकि सत्र के दौरान छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके अलावा, प्रदेश में 3500 प्राथमिक शिक्षकों और 3100 अन्य शिक्षकों की भर्ती की गई। 484 सहायक प्रोफेसरों के पद भरे गए, 100 प्रधानाचार्यों की पदोन्नति हुई और 19 नियमित प्रधानाचार्यों की नियुक्ति की गई।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश ने ‘एएसएआर’ रिपोर्ट के अनुसार रीडिंग और लर्निंग में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सरकार छात्रों को सिंगापुर और कंबोडिया जैसे देशों में एक्सपोजर विजिट पर भेज रही है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा और प्रौद्योगिकी का अनुभव प्राप्त कर सकें।
शिक्षा मंत्री ने ठियोग महाविद्यालय में मल्टीपरपज हॉल के निर्माण के लिए 6.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की और कहा कि नॉन-टीचिंग स्टाफ की खाली पदों को जल्द भरा जाएगा।
राजकीय महाविद्यालय ठियोग के वार्षिक समारोह में उत्कृष्ट छात्रों को पुरस्कार वितरित किए गए।
ठियोग में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा: कुलदीप राठौर
विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि ठियोग में भ्रष्टाचारियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि ठियोग सीवरेज प्रणाली का कार्य पुनः शुरू कर दिया गया है। अमरुत योजना के तहत 15 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल योजना बनाई जा रही है जिससे क्षेत्र में पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है और राजकीय महाविद्यालय ठियोग के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य भूपेंद्र सिंह राठौर ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और महाविद्यालय की आवश्यकताओं को शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।



