-
डोडरा क्वार एसडीएम कार्यालय में पंचायत सचिव ने किया हंगामा और एसडीएम पर हमले की कोशिश
-
रोकने पर पुलिसकर्मी और कर्मचारी से हाथापाई, हेड कांस्टेबल व क्लर्क घायल
-
आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज, पुलिस ने जांच शुरू की
Panchayat Secretary Arrested: शिमला जिले के डोडरा क्वार में एसडीएम कार्यालय में सोमवार को अचानक अफरा-तफरी मच गई जब ग्राम पंचायत जाखा के सचिव नारायण सिंह ने कार्यालय में घुसकर एसडीएम धर्मेश कुमार पर हमले की कोशिश की। सरकारी बैठक के दौरान हुई इस घटना से वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी दहशत में आ गए।
सूत्रों के अनुसार, पंचायत सचिव नारायण सिंह अचानक एसडीएम कार्यालय पहुंचा और बिना किसी कारण अपशब्द कहने लगा। जब एसडीएम ने उसे शांत रहने को कहा तो उसने एसडीएम पर हमला करने की कोशिश की। उपस्थित कर्मचारियों और पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने उन पर भी हमला कर दिया।
घटना के दौरान हेड कांस्टेबल गुलाब और क्लर्क सुच्चा सिंह घायल हो गए। हेड कांस्टेबल गुलाब की उंगलियों में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जबकि क्लर्क सुच्चा सिंह को भी हल्की चोटें आई हैं। इस बीच, पुलिस को सूचना दी गई और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस प्रशासन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस थाना चिड़गांव में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(2), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। डीएसपी रोहड़ू प्रणव चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



