Follow Us:

सोलन जिला को मिली मोबाइल एक्स-रे मशीन, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

  • यूको बैंक ने सीएसआर बजट के तहत स्वास्थ्य विभाग को दान की 26 लाख की मशीन

  • 35 पंचायतों को क्षय रोग मुक्त घोषित किया गया, जिला प्रशासन का सराहनीय कदम


Mobile X-Ray Machine: सोलन जिला के मरीजों को अब मोबाइल एक्स-रे मशीन की सुविधा मिलेगी, जिससे खासतौर पर क्षय रोग (टीबी) की पहचान समय पर हो सकेगी। यूको बैंक सोलन ने अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) बजट के तहत 26 लाख रुपए की लागत से यह मशीन स्वास्थ्य विभाग को दान की है।

यह सौगात क्षय रोग दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय सोलन में आयोजित “क्षय रोग मुक्त पंचायत सम्मान समारोह” में दी गई। इस दौरान उपायुक्त मनमोहन शर्मा के माध्यम से यह मशीन स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई। इस मौके पर सीएमओ सोलन डॉ. अमित रंजन, यूको बैंक सोलन की मुख्य प्रबंधक निधि शर्मा, और पंचायतों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

यूको बैंक के अंचल प्रमुख प्रदीप आनंद केसरी ने कहा,
“यदि इस मशीन से एक भी व्यक्ति की जान बचती है, तो हमारा यह प्रयास सफल होगा। बैंक क्षय रोग मुक्त समाज के निर्माण में अपना हरसंभव योगदान देता रहेगा।”

सीएमओ सोलन डॉ. अमित रंजन ने बताया कि अब फील्ड में लगने वाले स्वास्थ्य कैंपों में भी एक्स-रे की सुविधा मिल सकेगी, जिससे टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान तेजी से हो पाएगी। यह पोर्टेबल मशीन आसानी से कहीं भी ले जाई जा सकती है, जिससे दूरदराज के मरीजों को भी समय पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा,
“क्षय रोग का उपचार 100% संभव है और सोलन जिला की 35 पंचायतों को क्षय रोग मुक्त घोषित किया जा चुका है।”

इस मोबाइल एक्स-रे मशीन के आने से जिला भर के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ हो सकेंगी।