-
हिमाचल कांग्रेस का नया संगठन दो-तीन दिन में घोषित होगा
-
प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह अपने पद पर बनी रहेंगी
-
निष्क्रिय नेताओं को संगठन में जगह नहीं मिलेगी
Himachal Congress Organization: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में संगठन को लेकर बड़ा बदलाव जल्द होने वाला है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश कांग्रेस का नया संगठन घोषित किया जाएगा। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को फिलहाल नहीं बदला जाएगा और पार्टी उनके नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगी। संभावनाएं हैं कि कांग्रेस एक बार फिर वर्किंग प्रेसिडेंट का फॉर्मूला अपनाकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।
कांग्रेस हाईकमान ने पहले ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC), जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (BCC) का गठन कर दिया है। हालांकि, आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है। इसमें देरी का मुख्य कारण जिला अध्यक्षों की संख्या को लेकर मतभेद हैं। कुछ नेताओं ने संगठनात्मक जिलों की संख्या 13 से बढ़ाकर 17 करने का सुझाव दिया है, लेकिन इसका विरोध भी हो रहा है।
बीते दिनों पार्टी की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल शिमला पहुंची थीं, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मुलाकात की। चर्चा है कि कांग्रेस इस बार निष्क्रिय नेताओं को संगठन में जगह नहीं देगी और ‘वन-मैन, वन-पोस्ट’ का सिद्धांत लागू किया जाएगा।
पिछले साल 6 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हिमाचल कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी थी। तब से प्रदेश में संगठन की गतिविधियां लगभग ठप हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस का नया संगठन इस साल के अंत में होने वाले पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। इसके अलावा, 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भी मजबूत रणनीति तैयार की जाएगी।



