-
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की 100 सबसे प्रभावशाली भारतीयों की सूची में शामिल
-
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना, पुरानी पेंशन बहाली, हरित ऊर्जा व सामाजिक सेवा में योगदान के लिए सराहना
-
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी भी सूची में शामिल
Sukhvinder Singh Sukhu influential leader: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘The Indian Express’ ने भारत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल किया है। उन्हें सामाजिक सेवा और हरित ऊर्जा क्षेत्र में किए गए उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए यह स्थान मिला है।
अखबार ने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की विशेष रूप से सराहना की, जिसके तहत अनाथ बच्चों को ‘राज्य के बच्चे’ का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा, दूध के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि, 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली और उनके कार्यकाल में प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि को भी उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिना गया है।
ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के प्रयासों की भी सराहना की गई है। खासतौर पर कांगड़ा जिले में प्रस्तावित 200 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना को उनकी दूरदर्शिता का प्रतीक बताया गया है।
अखबार ने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के सत्ता के शीर्ष तक का सफर तय किया, जो उनकी मजबूत इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। इसके साथ ही, उनकी सरकार द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कड़े कदम उठाने की योजनाओं को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
इस प्रतिष्ठित सूची में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी सहित कई अन्य प्रमुख हस्तियों के नाम भी शामिल हैं।



