Follow Us:

हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र समाप्त, 110% उत्पादकता के साथ 8 विधेयक पारित

  • हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र समाप्त, 110% रही उत्पादकता

  • सत्र में कुल 15 बैठकें आयोजित, 73 घंटे चली कार्यवाही, 8 विधेयक पारित

  • हिमाचल प्रदेश संगठित अपराध निवारण और नियंत्रण विधेयक 2025 पारित, नशे और अपराधों पर कड़े प्रावधान


Himachal Assembly Budget Session: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। इस सत्र के दौरान 15 बैठकें आयोजित की गईं, जिसमें कुल 73 घंटे कार्यवाही चली। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने बताया कि सत्र में 110% उत्पादकता दर्ज की गई, जो बेहद सकारात्मक संकेत है।

सत्र में कुल 572 तारांकित और 196 अतारांकित प्रश्नों पर चर्चा हुई। नियम 46 और 61 के तहत तीन-तीन विषय, नियम 62 के तहत 10 विषय और नियम 101 के तहत 7 विषय सदन में लाए गए। वहीं, नियम 130 के तहत 14 विषय रखे गए, लेकिन उन पर चर्चा नहीं हो सकी।

सत्र की सबसे बड़ी उपलब्धि आठ महत्वपूर्ण विधेयकों का पारित होना रहा। इसमें हिमाचल प्रदेश संगठित अपराध निवारण और नियंत्रण विधेयक 2025 शामिल है, जो राज्य में नशे और अपराधों पर रोकथाम के लिए कड़े प्रावधान करता है। इसके अलावा, वेतन भत्तों और राज्य की संपदा को समृद्ध करने से जुड़े विधेयक भी पारित किए गए।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस सत्र को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह हिमाचल की संपदा को समृद्धि की ओर ले जाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।