-
20 अप्रैल तक पंचायत स्तर पर नशे के नेटवर्क की मैपिंग पूरी करने के निर्देश
-
गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों को मुख्यमंत्री करेंगे जवाबदेह
-
जन शिकायतों के समाधान और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी तेज करने के निर्देश
Himachal Drug Network Mapping: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रचलन पर कड़ा रुख अपनाते हुए सभी जिला प्रशासन को 20 अप्रैल तक पंचायत स्तर पर नशे के नेटवर्क की विस्तृत मैपिंग पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की कि 15 मार्च तक इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक किसी भी जिले ने इसे पूरा नहीं किया है।
मुख्यमंत्री ने एक उच्च स्तरीय बैठक में सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को निर्देश दिया कि वे पंचायत स्तर तक नशा तस्करों और उपभोक्ताओं की विस्तृत जानकारी जुटाकर डोजियर तैयार करें। उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल को इसकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी और यदि कोई अधिकारी गलत रिपोर्ट देता है तो उसे जवाबदेह ठहराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर औचक निरीक्षण करने की भी चेतावनी दी।
नशे के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए, मुख्यमंत्री सुक्खू ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि वे ड्रग नेटवर्क को खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने बताया कि 259 संपत्तियों की पहचान की गई है, जिन्हें नशा माफिया ने अवैध रूप से अर्जित किया है और अब इन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल सरकार ने हाल ही में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम और हिमाचल प्रदेश नशा निरोधक अधिनियम पारित किया है, जिसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सभी जिलों में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए जाएं और इसके लिए डीसी खाली पड़े सरकारी भवनों की पहचान करें।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने जन शिकायतों के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, सरकारी स्कूलों को गोद लेने, नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्रवाद की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर सरकारी योजनाओं की समीक्षा करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, एडीजीपी अभिषेक त्रिवेदी, सचिव आशीष सिंहमार और राजेश शर्मा मौजूद रहे, जबकि डीजीपी डॉ. अतुल वर्मा सहित सभी डीसी और एसपी वर्चुअली शामिल हुए।



