Follow Us:

भागसूनाग वाटरफॉल में सेल्फी लेते गिरा पंजाब का पर्यटक, मौत

  • सेल्फी लेते समय वाटरफॉल में गिरा पंजाब का पर्यटक

  • स्थानीय युवकों ने बचाने का किया प्रयास, लेकिन नहीं बची जान

  • पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा



Bhagsunag Waterfall Accident: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में स्थित भागसूनाग वाटरफॉल में एक दुखद हादसा हुआ। पंजाब के प्रेम नगर, बटाला निवासी 21 वर्षीय जस्टिन अपने भाई और दोस्तों के साथ धर्मशाला घूमने आया था। रविवार शाम करीब सात बजे जब वह भागसूनाग वाटरफॉल पर सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।

हादसे के तुरंत बाद उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय युवकों ने पानी में कूदकर उसे बाहर निकाला। घायल अवस्था में उसे जोनल अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात करीब दो बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

एएसपी कांगड़ा हितेष लखनपाल ने पुष्टि की कि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद प्रशासन द्वारा पर्यटकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और सेल्फी लेने के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की गई है।